उत्तर प्रदेश : होटल में युवक को तारों से बांधकर उतारे कपड़े, युवतियों ने बेरहमी से पीटा; वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश। एक होटल में दो युवतियों ने एक युवक पर जमकर कहर ढहाया। युवतियों ने युवक को तारों से बांधकर उसके कपड़े उतार दिए और फिर बेरहमी से पिटाई की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवतियां युवक के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला कानपुर के सागर मार्केट के पास स्थित एक होटल का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल करीब तीन मिनट चार सेकेंड के वीडियो में एक युवक अर्धनग्न अवस्था में होटल के किचन में फर्श पर बैठा दिखाई दे रहा है। उसके दोनों पैर तार से बंधे नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवती युवक के बाल पकड़े खड़ी दिखाई देती है, जबकि दूसरी युवती उसके साथ मारपीट करती नजर आती है।
बताया जा रहा है कि युवतियों ने युवक पर मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया था। इसी शक में उसे पकड़कर होटल के किचन में बांधा गया और उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो में युवक दर्द से चिल्लाता हुआ दिखाई दे रहा है। उसकी पीठ पर मारपीट के निशान भी नजर आ रहे हैं।
वीडियो बना रहा व्यक्ति किचन में मौजूद दूसरी युवती से बाहर जाने के लिए कहता हुआ सुनाई देता है। इस दौरान होटल के आसपास हो रहे हंगामे की जानकारी दुकानदारों को हुई। दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले जाने लगी।
पुलिस के अनुसार, हरवंशमोहाल निवासी युवक पहले इसी होटल में काम करता था। नौकरी से निकाले जाने के बाद वह गुरुवार को नशे की हालत में होटल पहुंचा था। इसी दौरान होटल में ठहरी बाराबंकी निवासी दो युवतियों से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद युवक के साथ मारपीट की गई।
पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपना मोबाइल युवतियों के पास होने की बात कही, जिसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल उसे दिलाया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद होटल में युवक के साथ की गई मारपीट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और उसके पीछे की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
