उत्तराखंडउधमसिंह नगरराष्ट्रीय

ऊधमसिंह नगर: रुद्रपुर में आबकारी दरोगा समेत चार कर्मचारी गिरफ्तार

रुद्रपुर। हिमाचल प्रदेश में हुई चोरी के मामले की जांच के दौरान रुद्रपुर में आबकारी विभाग के एक दरोगा समेत चार कर्मचारियों पर नेपाल निवासी महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोना लेने का आरोप लगा है। हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी दरोगा समेत चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि आठ सितंबर को रामपुर बॉर्डर के पास आबकारी टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में नेपाल निवासी महिला और उसका साथी मिले। कार से टूटी हुई तिजोरी भी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों कथित तौर पर घबरा गए। आरोप है कि आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोना ले लिया और उन्हें छोड़ दिया।

बाद में महिला ने शिमला निवासी अपने पूर्व नियोक्ता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची और एसएसपी अजय गणपति से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त जांच में मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की कड़ियां जोड़ी गईं।

जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आबकारी दरोगा समेत चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से नकदी और सोना बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब नेपाल निवासी महिला और उसके साथी की तलाश में जुटी है। मामले में हिमाचल पुलिस की जांच जारी है।

error: Content is protected !!