उत्तर प्रदेश : भाजपा विधायक से मांगी 25 लाख की रिश्वत, एलडीए कर्मचारी पुलिस के हवाले
उत्तर प्रदेश। रियल एस्टेट से जुड़े काम के लिए भाजपा विधायक से 25 लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में एलडीए के कर्मचारी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। कर्मचारी पर पहले भी कार्यालय में हंगामा करने के आरोप लग चुके हैं।
लखनऊ। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक, मामले की जानकारी सचिव एसपी सिंह की ओर से दी गई थी। मामला अलीगंज क्षेत्र स्थित दो मकानों की रजिस्ट्री और फ्री-होल्ड से जुड़ा बताया गया है। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी ने काम कराने के एवज में विधायक से 25 लाख रुपये की मांग की थी।
मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद सचिव एसपी सिंह ने कर्मचारी को अपने कार्यालय बुलाया और उसे वीसी के समक्ष ले गए। वहां कथित रिश्वत मांगने से जुड़े साक्ष्य दिखाए गए। इसके बाद गोमती नगर पुलिस को बुलाकर कर्मचारी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस दौरान एलडीए कार्यालय में सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की मौजूदगी रही। विधायक अनिल सिंह भी वीसी और सचिव से मिले। हालांकि बाद में उन्होंने किसी भी काम के लिए उनसे रिश्वत मांगे जाने से इनकार किया।
गोमती नगर इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि देर शाम तक एलडीए की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली थी। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
