रुद्रपुर : पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर युवक को किया अधमरा, बरेली में उपचार के दौरान मौत
रुद्रपुर : शहर में रोडवेज के पास टी-स्टॉल के सामने हुए विवाद में पत्थर से हमला कर घायल किए गए युवक की शनिवार को बरेली के अस्पताल में मौत हो गई। रम्पुरा निवासी राजेश का राधिका अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
राजेश की मां के अनुसार, 30 अक्तूबर की रात करीब 12:30 बजे राजेश अपने दोस्त सचिन के साथ चाय पीने के लिए टी-स्टॉल पर जा रहा था। इसी दौरान एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि तभी बाइक से पहुंचे गौरव, प्रेम और चेतन ने राजेश के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया, जहां राधिका अस्पताल के आईसीयू में उसका उपचार चल रहा था। शनिवार को उपचार के दौरान राजेश ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है
