उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : चेसिस से भिड़ी कार, चालक की मौत; चार महिलाओं समेत छह गंभीर घायल

रुद्रपुर। कलियर शरीफ से दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार की कार गुरुवार देर रात गदरपुर क्षेत्र के महतोष मोड़ के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। सामने चल रहे चेसिस वाहन के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से तेज रफ्तार कार पीछे से उसमें जा भिड़ी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार महिलाओं समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र निवासी एक ही परिवार के सात लोग कलियर शरीफ से दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे उनकी कार महतोष मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे चेसिस वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कार अनियंत्रित होकर पीछे से चेसिस में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले गदरपुर राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने कार चला रहे नदीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य छह घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन घायलों को किच्छा रोड स्थित एक निजी अस्पताल और भोजीपुरा के राममूर्ति अस्पताल ले गए।

सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मृतक नदीम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी कार नदीम की ही थी। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नदीम अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!