उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : धनतेरस से भैयादूज तक शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री, बाजार में ई-रिक्शा प्रतिबंधित

रुद्रपुर। धनतेरस, दीपावली और भैयादूज पर्व के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। 6 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक यातायात डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि मुख्य बाजार में ई-रिक्शा की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

निर्धारित अवधि में राधा स्वामी सत्संग फ्लाईओवर (किच्छा रोड), ऐमेनिटी स्कूल फ्लाईओवर (काशीपुर रोड), रामपुर बॉर्डर और पार्ले चौक (नैनीताल रोड) से शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। भारी वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का उपयोग करेंगे।

मुख्य बाजार में सफेद पट्टी के बाहर किसी भी प्रकार की ठेली, सामान या वाहन लगाने की अनुमति नहीं होगी। बाजार के मुख्य मार्ग के बीच लगने वाली ठेलियों के लिए अंबेडकर पार्क निर्धारित किया गया है। यहां जगह कम पड़ने पर अग्रसेन चौक से बाटा चौक की ओर सड़क के मध्य ठेलियां लगाने की व्यवस्था की जाएगी।

पर्व के दौरान शहर में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इंद्रा चौक से आने वाले वाहनों को सिब्बल सिनेमा और सिंचाई विभाग की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। किच्छा बाईपास से आने वाले वाहनों के लिए मोदी मैदान और झील के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। गाबा चौक और भूरारानी से आने वाले वाहनों को सिटी क्लब के पास अथवा गल्ला मंडी में पार्क कराया जाएगा। वहीं, मुख्य बाजार से आने वाले वाहनों और व्यापारियों के वाहनों के लिए गांधी पार्क निर्धारित किया गया है।

नेशनल हाईवे पर किसी भी वाहन को पार्क करने तथा सामान या ठेली लगाने की अनुमति नहीं होगी। मुख्य बाजार में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने के लिए बाटा चौक, अग्रसेन चौक, गुड मंडी/विधवानी मार्केट, गल्ला मंडी (आरा मशीन के पास) तथा काशीपुर बाईपास रोड से मुख्य बाजार की ओर जाने वाले प्रमुख आंतरिक मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे।

यातायात प्लान के तहत निर्धारित अवधि में बाजार के अंदर सभी ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। पर्व के दौरान बाजार में भीड़ और जाम से बचने के लिए वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।

error: Content is protected !!