उत्तराखंड : प्रेमी के पहली पत्नी के पास लौटने से भड़की महिला, एसडीएम कोर्ट में हंगामा कर दी आत्महत्या की धमकी
उत्तराखंड में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला चर्चा में रहा। प्रेमी के अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास लौटने से नाराज महिला ने एसडीएम कोर्ट में जमकर हंगामा किया और आत्महत्या करने की धमकी दी। इससे कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया, जबकि युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
अल्मोड़ा पुलिस के अनुसार, महिला का पहले से एक बच्चा है, जबकि युवक के दो बच्चे हैं। दोनों अपने-अपने जीवनसाथी को छोड़कर साथ रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि दोनों गुड़गांव में रह रहे थे। बीते दिनों युवक अल्मोड़ा के एक गांव में लौट आया और अपनी पहली पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा। इससे नाराज महिला मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और महिला को सुरक्षित पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद दोनों की काउंसलिंग की गई। हालांकि, दोपहर में महिला दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंच गई और एसडीएम कोर्ट में हंगामा करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी ने बताया कि महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जबकि युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
