उत्तराखंड में नौकरी से हटाए जाने से परेशान युवक ने धरना स्थल पर खाया जहरीला पदार्थ, अस्पताल में भर्ती
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के एकता विहार स्थित धरना स्थल पर शनिवार को नौकरी से हटाए जाने से परेशान एक सिक्योरिटी गार्ड ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अचेत अवस्था में पाया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल युवक अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मनोज एक स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि 23 अक्टूबर को कंपनी ने उसकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को नियुक्त कर लिया। इसके बाद मनोज ने दोबारा नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर धरना देने का निर्णय लिया।
बताया गया कि मनोज अपनी मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था। वहां से उसे गांधी पार्क भेजा गया, लेकिन प्रतिबंधित क्षेत्र होने के कारण उसे एकता विहार स्थित निर्धारित धरना स्थल पर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद वह एकता विहार में धरने पर बैठ गया।
शनिवार को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को धरना स्थल पर एक युवक के जहरीले पदार्थ का सेवन करने की सूचना मिली। सूचना देने वाले ने खुद को लैब तकनीशियन और धरना कर्मी बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अचेत अवस्था में पाया और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
