तेज रफ्तार कार ने मां और दो बेटियों को रौंदा, मां-बेटी की मौत, दूसरी बच्ची गंभीर
उधमसिंह नगर के सितारगंज नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा आरके ढाबे के पास हुआ, जहां हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही महिला और उसकी दोनों बेटियों को किच्छा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान मीनू और उनकी वर्षीय बेटी अंशिका के रूप में हुई है। हादसे में घायल दूसरी बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मीनू शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे अपनी दोनों बेटियों के साथ स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। आरके ढाबे के पास हाईवे किनारे वाहन का इंतजार करते समय तेज रफ्तार कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू और अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
