उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पानी डालने के विवाद में खूनी झड़प, व्यापारियों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज

रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार में दो व्यापारियों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में केके इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक कृष्ण कुमार गोस्वामी ने आरोप लगाया कि पड़ोसी व्यापारी पंकज ग्रोवर अक्सर उनकी दुकान पर आने वाले इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पानी डालकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते थे। उनका कहना है कि 22 मई की शाम दुकान पर एसी, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान उतारा जा रहा था, तभी पंकज ग्रोवर ने फिर से पानी डाल दिया।

कृष्ण कुमार गोस्वामी के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पंकज ग्रोवर नाराज हो गए और अपने पुत्र रोनक ग्रोवर को बुला लिया। आरोप है कि रोनक कुछ साथियों के साथ उनकी दुकान में घुस आया और उन पर तथा उनके पुत्रों मनीष और शिवम गोस्वामी पर हमला कर दिया। इस घटना में दोनों पुत्र घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के व्यापारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

वहीं दूसरे पक्ष के पंकज ग्रोवर ने भी पुलिस को दी गई तहरीर में अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुकान के सामने पानी डालने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद कृष्ण कुमार गोस्वामी और उनके पुत्र उन्हें जबरन अपनी दुकान के अंदर खींच ले गए और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र रोनक ग्रोवर को भी पीटा गया, जिससे उसके दांत और मुंह में गंभीर चोटें आईं।

मामले में सीओ विभव सैनी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!