किच्छा: दुकान बंद कर लौट रहे व्यापारी और साथियों पर जानलेवा हमला, छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
किच्छा। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी और उसके दो साथियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामेश्वरपुर निवासी प्रीतम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे उनका पुत्र सतपाल अपने मित्र बलविंदर और सुखविंदर के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहा था। रास्ते में एक ढाबे पर मौजूद शानू, आशीष और वहां काम करने वाले चार कारीगरों ने कथित तौर पर तीनों को जबरन अंदर खींच लिया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर तीनों युवकों के साथ मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सतपाल के दांत टूट गए और वह बेहोश हो गया, जबकि बलविंदर और सुखविंदर के सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
