रुद्रपुर: चोरी के शक में युवक को बंधक बनाकर पीटने का आरोप, वीडियो वायरल
रुद्रपुर शहर में चोरी के शक में एक युवक को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक खुद को बेगुनाह बताते हुए कुछ स्थानीय प्रॉपर्टी डीलरों पर मारपीट करने का आरोप लगा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल वीडियो में युवक दावा कर रहा है कि शुक्रवार रात वह फुलसुंगा क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान दो लोगों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और कथित तौर पर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। युवक का आरोप है कि बिना किसी जांच-पड़ताल के उसे पीटा गया।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष का कहना है कि युवक उनके गोदाम में चोरी करते हुए पकड़ा गया। उनका दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में युवक सरिया और अन्य सामान ले जाते दिखाई दे रहा है। साथ ही युवक पर नशे का आदी होने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
