रुद्रपुर के मुख्य बाजार में ट्रैफिक पुलिस द्वारा चालान काटने पर व्यापारियों में आक्रोश
रुद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित काशीपुर बाईपास रोड पर गुरु नानक स्कूल के सामने ट्रैफिक पुलिस द्वारा हेलमेट नहीं पहनने पर व्यापारियों के चालान काटे जाने को लेकर आक्रोश फैल गया। मौके पर मौजूद व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए सवाल उठाया कि जब पुलिस क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों की मांग पर बाजार क्षेत्र में हेलमेट के चालान नहीं काटने का आश्वासन दिया था, तो फिर चालान क्यों किए जा रहे हैं?
मामले की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर शिवराज बिष्ट से फोन पर वार्ता कर व्यापारियों और ग्राहकों की समस्याओं से अवगत कराया। जुनेजा ने कहा कि मुख्य बाजार, काशीपुर बाईपास रोड, सिविल लाइन और आदर्श कॉलोनी बाजार क्षेत्र से जुड़े हैं। इन क्षेत्रों में कई व्यापारियों के प्रतिष्ठान और गोदाम होने के कारण उन्हें दिन में कई बार आना-जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि बाजार क्षेत्र में आने वाले ग्राहकों के चालान काटे जाएंगे, तो इससे ग्राहकों को परेशानी होगी और वे बाजार आने से भी कतराएंगे।
वार्ता के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर शिवराज बिष्ट ने व्यापारियों की बात पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में मुख्य बाजार, काशीपुर बाईपास रोड, सिविल लाइन और आदर्श कॉलोनी में हेलमेट के चालान नहीं काटे जाएंगे। इसके बाद मामला शांत हुआ।
