“चुप रहो… बच्चे का नाम काटकर बाहर निकाल दूंगी”, बाहर से किताब खरीदने पर भड़की प्रिंसिपल
उत्तर प्रदेश के एक निजी स्कूल से जुड़ा विवाद सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों के व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल पर एक अभिभावक के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगे हैं। घटना हरदोई जिले के एसपी तिराहे के पास स्थित न्यू सन बीम पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है।
मामले के अनुसार, यूकेजी में पढ़ने वाली छात्रा के अभिभावक ने आरोप लगाया कि उन्होंने स्कूल से बाहर से कॉपी-किताबें खरीदी थीं, जिस पर स्कूल प्रशासन नाराज हो गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर प्रिंसिपल को अभिभावक से तीखी भाषा में बात करते और कई बार “You shut up” कहते हुए सुना जा सकता है। आरोप है कि बातचीत के दौरान अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और बच्चे का नाम स्कूल से काटने की धमकी भी दी गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कई लोगों ने इसे निजी स्कूलों की मनमानी बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि शिक्षा संस्थानों में अनुशासन जरूरी है, लेकिन अभिभावकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वहीं, हरदोई के शिक्षा विभाग ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित किए जाने की बात कही है। समिति पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।
दूसरी ओर, स्कूल प्रिंसिपल ने अपनी सफाई में कहा कि अभिभावक फीस और अन्य मुद्दों को लेकर लंबे समय तक स्कूल में विवाद कर रहे थे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उनका कहना है कि किसी को आहत करने का उद्देश्य नहीं था।
