रुद्रपुर : महिला मित्र पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करना पड़ा भारी, युवकों ने स्टील पाइप से हमला कर युवक का फोड़ा सिर
रुद्रपुर में महिला मित्र के साथ टहल रहे एक युवक पर तीन युवकों ने हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले महिला पर अश्लील टिप्पणी की और विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट कर दी। जानकारी के अनुसार, भूरारानी निवासी एक युवक ने बताया कि शनिवार रात भोजन करने के बाद वह अपनी महिला मित्र के साथ घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और उसकी महिला मित्र पर अश्लील टिप्पणियां करते हुए छेड़छाड़ करने लगे। उसके विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने स्टील की पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे। भीड़ को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। इसके बाद उसका अस्पताल में उपचार कराया गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
