रुद्रपुर : मां के अंतिम संस्कार के बाद सगे भाइयों में खूनी संघर्ष
रुद्रपुर। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब तीन सगे भाई आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घर में रखे तवे और बेलन को ही हथियार बना लिया गया। मारपीट के दौरान एक भाई ने दूसरे भाई का सिर फोड़ दिया। वहीं एक भाई की पत्नी की कमर पर बेलन से वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पार्षद पति राधेश शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। साथ ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मारपीट में एक भाई का सिर फूट गया, जबकि पुलिस ने एक आरोपी भाई को मौके से हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरा आरोपी पुलिस को आता देख मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों भाइयों की मां का आज ही अंतिम संस्कार हुआ था। श्मशान घाट से लौटने के बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि घर में ही मारपीट शुरू हो गई। महिलाओं और बच्चों के सामने हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
