रुद्रपुर: हनी ट्रैप में फंसाकर युवक से मांगी आठ लाख की रंगदारी
रुद्रपुर में एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और आठ लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं ने युवक को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया तथा उसके पर्स से रुपये भी लूट लिए।
रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी मनोज कुमार के अनुसार अक्तूबर 2025 में उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात मिस कॉल आई थी। जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल बैक किया तो एक लड़की ने फोन उठाया। गलत नंबर समझकर उन्होंने फोन काट दिया। इसके कुछ ही देर बाद दूसरे नंबर से मैसेज आया जिसमें गलती से कॉल लगने की बात कहते हुए कॉल करने वाली ने अपना नाम नेहा बताया।
इसके बाद अगले दिन से गुड मॉर्निंग जैसे मैसेज आने लगे और करीब सात-आठ दिन तक मैसेज का सिलसिला चलता रहा। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और नए नंबर से कॉल कर दोस्ती का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान एक बार वीडियो कॉल पर भी बात हुई। लड़की ने उसे काशीपुर बुलाया लेकिन युवक ने आने से मना कर दिया। कुछ दिन बाद व्हाट्सएप मैसेज के जरिए उसे रुद्रपुर बुलाया गया और कहा गया कि उस दिन घर पर कोई नहीं है।
पीड़ित युवक के अनुसार 19 नवंबर को वह रुद्रपुर पहुंचा, जहां उसे दक्ष चौराहे पर बुलाया गया। वहां दो लड़कियां पिंकी और नेहा उससे मिलीं। युवक ने किसी रेस्टोरेंट में चलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन लड़कियों ने कहा कि मोमो लेकर घर चलते हैं। घर पहुंचने पर नीचे के कमरे में कोई नहीं था। कुछ देर बाद जब युवक वॉशरूम गया तो दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया।
आरोप है कि तभी कुछ लोग सीढ़ियों से नीचे आए और युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद उसकी पैंट उतरवा दी गई और दोनों लड़कियों में से एक ने उसके साथ जबरन आपत्तिजनक वीडियो बना ली। वीडियो को सोशल मीडिया, घर और थाने में वायरल करने की धमकी देते हुए आठ लाख रुपये क्यूआर कोड के जरिए भेजने की मांग की गई। पैसे देने से इनकार करने पर युवक के साथ मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने रुपये देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल किया और उसके पर्स से 14,500 रुपये लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर कहा गया कि अगर उसने किसी को यह बात बताई या थाने में शिकायत की तो उसे मार दिया जाएगा। इसके बाद युवक को छोड़ दिया गया।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि युवक का कहना है कि घटना के बाद वह गहरे सदमे में था, इसलिए देर से शिकायत दर्ज कराने पहुंचा। पुलिस ने महिलाओं समेत पूरे गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
