रुद्रपुर : बच्चा चोरी के शक में महिला को लोगों ने पकड़ा, पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा
रुद्रपुर। शहर में बच्चा चोरी की बढ़ती चर्चाओं के बीच सोमवार सुबह एक महिला को मासूम बच्ची को ले जाते हुए लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने अपनी सूझबूझ से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि गुस्साए लोगों ने महिला की मौके पर ही पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी निवासी रजत ने बताया कि उसकी तीन वर्षीय पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात महिला बच्ची को अपने साथ ले जाने लगी। आसपास मौजूद लोगों को जब इस पर संदेह हुआ तो उन्होंने शोर मचाया। बताया जा रहा है कि महिला बच्ची को लेकर शास्त्री नगर की ओर तेजी से जा रही थी।
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और महिला का पीछा किया। कुछ दूरी पर लोगों ने महिला को पकड़ लिया और उसके पास से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी।
इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने पकड़ी गई महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस के साथ कोतवाली तक पहुंच गए। पुलिस महिला से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रविवार को भी ट्रांजिट कैंप के ठाकुरनगर क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में लोगों ने एक महिला को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी थी। हालांकि उस समय पुलिस ने महिला को मानसिक रूप से कमजोर बताते हुए छोड़ दिया था।
वहीं सोमवार को ही ट्रांजिट कैंप के रविंद्र नगर इलाके से भी एक बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर बच्चा चोरी की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के चलते कोतवाली क्षेत्र में लोगों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
