रुद्रपुर : लोन की किस्त माफ कराने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप
रुद्रपुर। लोन की किस्त माफ कराने का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला अपने पति के साथ कोतवाली पहुंची, जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी एक युवक ने प्रीत विहार स्थित एक चिटफंड कंपनी से करीब 50 हजार रुपये का लोन लिया था। वह समय-समय पर इसकी किस्त भी जमा करता रहा। इसी दौरान कंपनी का रिकवरी एजेंट किस्त वसूली के लिए उनके घर आने लगा और इस दौरान उसकी पहचान युवक की पत्नी से हो गई।
आरोप है कि आरोपी ने महिला को उसके पति का लोन माफ कराने का झांसा दिया। महिला का आरोप है कि 2 फरवरी को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर काशीपुर हाईवे स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने के बावजूद आरोपी नहीं माना।
महिला का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उसे लगातार धमकाता रहा और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा। घटना के बाद महिला मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। पति के बार-बार पूछने पर उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित महिला अपने पति के साथ कोतवाली पहुंची और मामले की शिकायत की।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
