किच्छा: युवक पर धारदार हथियार से हमला
किच्छा। पुराने अस्पताल रोड स्थित फास्ट फूड मार्केट में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारी और वार्डवासी मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर जानलेवा हमला करने के साथ लूटपाट की भी कोशिश की।
व्यापारियों ने फास्ट फूड मार्केट में बढ़ती अराजकता पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और झगड़े आम हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे केवल शोपीस बनकर रह गए हैं, क्योंकि घटना के समय किसी भी कैमरे से स्पष्ट फुटेज नहीं मिल पाई।
मौके पर नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोड़ा, महामंत्री नितिन पाटिल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से फास्ट फूड मार्केट से अतिक्रमण हटाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
वहीं पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि घायल के बयान और जांच के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
