करोड़ों की जमीन के सौदे में धोखाधड़ी का आरोप, मां-बेटे के खिलाफ मुकदमा
काशीपुर। करोड़ों रुपये की जमीन के सौदे में धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जसपुर खुर्द निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि काशीपुर निवासी पुनीत सिंघल और उसकी मां के साथ काशीपुर के ग्राम धनौरी पट्टी स्थित जमीन का करीब 20.21 करोड़ रुपये में सौदा हुआ था। सौदे के तहत रामनगर स्थित करीब 11 करोड़ रुपये की रिजॉर्ट भूमि पुनीत सिंघल के नाम कर दी गई थी। इसके एवज में 17 जुलाई 2025 को एक करोड़ रुपये बयाना दिया गया।
तहरीर के अनुसार, दो फरवरी 2026 को रिजॉर्ट की रजिस्ट्री पुनीत सिंघल के नाम कर दी गई। विक्रय विलेख में दर्शाई गई करीब 7.10 करोड़ रुपये की चेक राशि भी ले ली गई। आरोप है कि इकरारनामे की शर्तों के अनुसार इन चेकों को वापस किया जाना था, लेकिन उन्हें वापस नहीं किया गया।
बाद में तहसील के अभिलेखों की जांच के दौरान जमीन से संबंधित कथित गड़बड़ियां सामने आईं। अनिल कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो 19 अप्रैल को पुनीत सिंघल ने बेसबॉल के डंडे से उन पर हमला कर दिया। पुलिस में शिकायत करने पर उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित की तहरीर और एसएसपी के आदेश के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
