निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, मलबे में दबे दो सगे भाई; एक की मौत
उधमसिंह नगर। निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिरने से दो सगे भाई मलबे में दब गए। हादसे में जाकिर की मौत हो गई, जबकि शकील गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार शाम काशीपुर के मोहल्ला लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माणाधीन मकान में लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक लेंटर भरभराकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से वहां मौजूद दोनों सगे भाई मलबे में दब गए। लेंटर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को तत्काल राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जाकिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शकील की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
बताया गया कि जाकिर छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर के थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
