रुद्रपुर: मरीज की मौत के बाद पार्क हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप, दो रिश्तेदारों को बनाया बंधक
ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित पार्क हॉस्पिटल (मेडिसिटी हॉस्पिटल) में मरीज की मौत के बाद बिल के भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने 28 हजार रुपये की मांग करते हुए मृतक के दो रिश्तेदारों को अस्पताल में रोक लिया। परिजनों की शिकायत पर विधायक शिव अरोड़ा मौके पर पहुंचे और पुलिस बुलाकर दोनों रिश्तेदारों को अस्पताल से छुड़वाया।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी विशाल की दोपहर में अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए रुद्रपुर के पार्क हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के अंदर ले जाते समय ही विशाल गिरि की मौत हो गई थी। अस्पताल की रिपोर्ट में भी उनकी मौत दर्ज होने की बात सामने आई है। परिजनों ने शुरुआत में अस्पताल में 10 हजार रुपये जमा किए थे। करीब आधे घंटे बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें विशाल गिरि की मौत की जानकारी दी गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मरीज की मौत के बाद अस्पताल की ओर से अन्य रिश्तेदारों को भी बुलाया गया था। आरोप है कि अस्पताल पहुंचे दो रिश्तेदारों से कर्मचारियों ने 28 हजार रुपये जमा करने की मांग की। रुपये जमा नहीं करने पर दोनों को अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
दोनों रिश्तेदारों ने पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने विधायक शिव अरोड़ा से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की। सूचना पर विधायक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को फोन कर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों रिश्तेदारों को अस्पताल से छुड़वाया गया।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को इस तरह परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
