उधमसिंह नगर में नगर पंचायत अध्यक्ष पर नाबालिग से अश्लील हरकत और मारपीट के आरोप; वीडियो वायरल
ऊधमसिंह नगर के गूलरभोज में नगर पंचायत अध्यक्ष पर एक परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि मंदिर परिसर स्थित उनके आवास को बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए खाली कराने का प्रयास किया गया। इस दौरान घर का सामान बाहर फेंकने और विरोध करने पर महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट व अभद्रता किए जाने का भी आरोप है। मामले में एक नाबालिग लड़की के निजी अंगों पर चोट पहुंचाने और उसके साथ अश्लील हरकत किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
परिवार का कहना है कि वह पिछले करीब 10 से 12 वर्षों से मंदिर परिसर में रह रहा है। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष लंबे समय से परिवार को परेशान कर रहे थे। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि अध्यक्ष देर रात करीब 12 बजे वाहन से वहां पहुंचते थे और लड़कियों के कमरे तक आते थे। परिवार की महिलाओं और बेटी के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने का भी दावा किया गया है।
परिवार के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले अध्यक्ष मंदिर परिसर पहुंचे और मकान खाली करने की चेतावनी दी। इसके बाद नगर पंचायत कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने और घर का सामान बाहर निकालने का आरोप है। परिवार का दावा है कि इस दौरान अध्यक्ष के साथ आए कुछ युवक और युवतियों ने कमरे में घुसकर मारपीट और अभद्रता की। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक नाबालिग लड़की के निजी अंगों पर लात मारी गई, जिससे उसे चोट आई।
मामले को लेकर एक कांग्रेस नेत्री ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि नाबालिग के साथ अश्लील हरकत की गई और उसके शरीर के संवेदनशील हिस्से पर चोट पहुंचाई गई है। उन्होंने मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है।
परिवार ने वायरल वीडियो को भी धमकी से जुड़ा बताते हुए नाराजगी जताई है। इसके अलावा परिवार की ओर से कुछ भाजपा नेताओं पर मंदिर की जमीन पर होटल खोलने की मंशा रखने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में बेदखली की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मंदिर परिसर खाली कराया जाना था तो इसके लिए संबंधित नोटिस, सक्षम अधिकारी के आदेश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए था। सवाल उठाया जा रहा है कि आखिर किस आदेश और अधिकार के तहत परिवार का सामान बाहर निकाला गया।
फिलहाल, नगर पंचायत अध्यक्ष का पक्ष और मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई सामने आना बाकी है। नाबालिग से जुड़े आरोपों की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
