उत्तराखंड

उत्तराखण्डः होटल में छापेमारी के दौरान हिरासत में ली गई महिला को पुलिसकर्मी ने मारा डंडा, वीडियो वायरल

उत्तराखंड के एक होटल में पुलिस की छापेमारी के दौरान खाकी की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा हिरासत में ली गई महिला की पीठ पर डंडा मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के व्यवहार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे के सामने स्थित एक होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की गोपनीय सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने होटल में अचानक छापेमारी की। इस दौरान कमरों की तलाशी ली गई और वहां मौजूद कुछ महिलाओं व ग्राहकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान होटल के बाहर और बस अड्डे के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इससे मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसी दौरान पुलिस टीम जब हिरासत में ली गई महिलाओं को होटल से बाहर लेकर जा रही थी, तभी एक महिला पुलिसकर्मी ने उनमें से एक महिला की पीठ पर डंडा मार दिया। डंडा लगते ही महिला दर्द से कराह उठी। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वहीं, मामले में सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर नियमानुसार होटल में छापेमारी की गई थी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!