उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर : फ्री फायर गेम से हुई दोस्ती, 17 वर्षीय नाबालिग को हिमाचल ले गया युवक; गिरफ्तार

ऊधमसिंह नगर। ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने करीब दो माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग को करीब 1000 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को नाबालिग घर से बिना बताए लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर 25 जून को कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेन्द्र पंत को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर नाबालिग की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी की नाबालिग से ऑनलाइन फ्री फायर गेम के माध्यम से पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने उसे अपनी बातों में बहलाया और 16 जून को अपने साथ लेकर हिमाचल प्रदेश चला गया।

पुलिस टीम ने करीब 1000 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी हर्ष ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तम नगर, दिल्ली में रह रहा था। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र पंत, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी और कांस्टेबल गिरीश चंद्र शामिल रहे।

error: Content is protected !!