रुद्रपुर : कमरे में अचेत मिला युवक, अस्पताल में मौत
रुद्रपुर में एक युवक संदिग्ध हालात में अपने कमरे में अचेत मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
112 के माध्यम से कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ा वार्ड-19 स्थित एक कमरे में युवक अचेत पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल ले गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आगरा निवासी कौशलेंद्र के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करीब पांच वर्षों से खेड़ा क्षेत्र में रह रहा था।
कौशलेंद्र एक कंपनी में हीटर बनाने का काम करता था। कंपनी के मालिक ने बताया कि उन्हें कौशलेंद्र के कमरे में अचेत पड़े होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
