उधमसिंह नगर

ऊधम सिंह नगर में शुक्रवार को बंद रहेंगे सभी स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

रुद्रपुर। मौसम विभाग की ओर से 20 अगस्त को जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही पर्वतीय जनपदों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।

मौसम की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर नितिन भदौरिया ने जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा-12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को अवकाश घोषित किया है।

आदेश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी 21 अगस्त को अवकाश रहेगा। हालांकि विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका/कार्यकर्त्री अपने-अपने विद्यालय एवं केंद्रों में उपस्थित रहेंगे और आवश्यकतानुसार विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन किए जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

error: Content is protected !!