उधमसिंह नगर

ऊधमसिंह नगर : कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो कर्मचारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

ऊधमसिंह नगर। कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में काशीपुर पुलिस ने उसकी पत्नी की तहरीर पर दो कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने कर्मचारियों पर हत्या कर शव को दुर्घटना का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काशीपुर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में निशा ने बताया कि उनके पति संजीव कुमार की ग्राम थारी, पीरूमदारा, रामनगर में टेंट की दुकान है। दुकान पर शिवम और करमजीत काम करते हैं। बीती 16 अगस्त को वह कार से दुकान के लिए निकले थे। देर रात तक संजीव घर नहीं लौटे तो पत्नी ने फोन किया। संजीव ने बताया कि कर्मचारी शिवम का जन्मदिन है और वह शिवम व करमजीत के साथ हैं। खाना खाने के बाद देर रात घर लौटने की बात कही।

17 अगस्त की सुबह ग्राम राजपुर, प्रतापपुर में फोन पर संजीव के दुर्घटनाग्रस्त होने और मौत की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शव दिखाई दिया। तहरीर में निशा ने शव के गले पर चोट का निशान होने का उल्लेख करते हुए शिवम और करमजीत पर हत्या का संदेह जताया है। आरोप है कि हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए कार को राजपुर में सड़क के नीचे खेतों में उतार दिया गया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिवम और करमजीत के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!