व्यापारी के घर चोरों ने बोला धावा, लाखों के जेवर और नकदी चोरी
किच्छा। आवास विकास निवासी एक व्यापारी के सुनसान घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और करीब 1.10 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के समय व्यापारी अपने परिवार के साथ पूजा में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। परिवार के वापस लौटने पर घर में चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी व्यापारी अशोक माखीजा परिवार के साथ पूजा में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर को सुनसान पाकर धावा बोल दिया। चोर घर में रखी करीब 1.10 लाख रुपये की नकदी के साथ लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय चोर कुछ सामान मौके पर ही छोड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल रवि सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक साइंस विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि फुटेज के आधार पर पुलिस को चोरों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
व्यापारी अशोक माखीजा ने पुलिस को तहरीर देकर घटना का खुलासा करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल है।
