उधमसिंह नगर

रुद्रपुर: सड़क किनारे मिले दंपती के शव, मची खलबली

रुद्रपुर। रिंग रोड स्थित पारले चौक, काशीपुर रोड पर सोमवार देर शाम सड़क किनारे दंपती के शव मिलने से खलबली मच गई। दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मृतकों की पहचान धर्मपुर निवासी संतोष और उनकी पत्नी सुनीता के रूप में हुई है। संतोष यादव सिडकुल स्थित नेस्ले कंपनी के प्रोडक्शन विभाग में तैनात थे। दंपती के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम दोनों पति-पत्नी दानपुर से धर्मपुर की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्हें आखिरी बार रिंग रोड स्थित पारले चौक, काशीपुर रोड के पास टहलते हुए देखा गया था। इसके बाद करीब साढ़े आठ बजे एक ग्रामीण ने दोनों को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। दोनों के सिर में गंभीर चोटें थीं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से दंपती की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उनकी शिनाख्त संतोष यादव और सुनीता यादव के रूप में हुई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अगर यह हादसा है तो कैसे हुआ और किस वाहन से हुआ। वहीं, स्थानीय लोग इसे हत्या से भी जोड़ रहे हैं लेकिन अभी पुलिस की और इस एंगल पर कोई भी बयान नहीं आया है।

शवों को मोर्चरी रखवा दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है – अजय गणपति एसएसपी

error: Content is protected !!