उधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर : शादी से इनकार पर युवती ने युवक को कोतवाली गेट पर चप्पलों से पीटा

उधमसिंह नगर। वर्षों से चले आ रहे प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करने पर एक युवती ने शनिवार को कोतवाली गेट पर युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना से कुछ देर के लिए कोतवाली परिसर में अफरा तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कर युवक को युवती से अलग कराया और मौके पर जुटी भीड़ को हटाकर स्थिति सामान्य कराई।

बाजपुर पुलिस के एक युवती का बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर है। परिजनों की सहमति से दोनों के विवाह की बात भी तय हो गई थी, लेकिन बाद में युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। बताया गया कि इससे नाराज युवती पहले युवक के घर पहुंची, जिसके बाद मामला कोतवाली पहुंच गया।

शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्ष समझौते के लिए कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान युवती की नजर युवक पर पड़ते ही दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवती ने गाली गलौज करते हुए चप्पल निकालकर युवक पर प्रहार शुरू कर दिए। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को युवती से अलग कराया। घटना के दौरान कोतवाली गेट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे बाद में पुलिस ने हटाकर स्थिति सामान्य कराई।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस युवक से पूछताछ कर रही थी, जबकि युवती अपने परिजनों के साथ कोतवाली से चली गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!