उत्तराखंडउधमसिंह नगर

भाजपा नेताओं पर मारपीट का आरोप: एफआईआर की मांग को लेकर कांग्रेस का कोतवाली में धरना

गदरपुर। भाजपा युवा मोर्चा के 22 जुलाई को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में हुई कथित मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज न होने से नाराज कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शनिवार को कोतवाली में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चंदन नयाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र कोतवाली पहुंचे। प्रदर्शन में मारपीट में घायल बताए जा रहे वंश शर्मा और नीरज गौतम भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर मौजूद रही।

धरने को संबोधित करते हुए राजेंद्र पाल सिंह राजू ने कहा कि लोकतांत्रिक कार्यक्रम में युवाओं के साथ हुई मारपीट बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज न किया जाना न्याय प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करता है और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने कहा कि युवाओं के साथ हुई घटना लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। महिला कांग्रेस की ममता हलदर ने कहा कि पार्टी पीड़ित छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और दोषियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने कहा कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

धरने के दौरान कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाल भूपेंद्र बृजवाल से वार्ता की। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार भी कोतवाली पहुंचे और अधिकारियों तथा कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत हुई। वार्ता के दौरान पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज करने पर सहमति जताए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

error: Content is protected !!