रुद्रपुर : कल्याणी नदी में मिला लापता किशोर का शव
रुद्रपुर। चार दिन से लापता किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने किशोर की पीठ पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार, खेड़ा निवासी रियासत का पुत्र 21 जुलाई की सुबह से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रम्पुरा चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शनिवार सुबह झील के पास भूतबंगला की ओर कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे लोगों ने नदी में एक किशोर का शव उतराता देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पहचान कराई, जिसके बाद उसकी पहचान लापता रिजवान के रूप में हुई।
पुत्र का शव मिलने की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि किशोर की पीठ पर नुकीली चोट का निशान है, जिससे हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतक किशोर चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी एक बड़ी और एक छोटी बहन है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
