उत्तराखंड : महिला को गोली मारने के बाद होटल कारोबारी ने की आत्महत्या
उत्तराखंड में बुधवार सुबह एक होटल व्यवसायी ने एक महिला को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में होटल व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ विवेक कुटियाल के अनुसार, घटना देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर की है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे होटल व्यवसायी कमलेश महिला संगीता के किराये के मकान पर पहुंचा। कमरे में दाखिल होने के बाद उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर कमलेश ने तमंचे से पहले संगीता की कनपटी पर गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों कमरे में खून से लथपथ पड़े मिले। कमलेश की मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा बरामद कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। महिला के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
