उधमसिंह नगर

गदरपुर : भाजयुमो के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में हंगामा, भाजपा कार्यकर्ताओं पर युवक से मारपीट का आरोप

गदरपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब वंश शर्मा नामक एक युवक ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगाया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में वंश शर्मा ने बताया कि वह किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करने नहीं आए थे। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य केवल युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाना था। उन्होंने बताया कि उनके हाथ में संविधान की प्रति थी और वह नीट (NEET) पेपर लीक, तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को न्याय मिलने जैसे मुद्दों पर सवाल पूछना चाहते थे।

वंश शर्मा का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने अपनी बात रखने का प्रयास किया, कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। उनका दावा है कि उन्हें गालियां दी गईं, धक्का-मुक्की की गई और लात-घूंसों से मारपीट कर कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मारपीट में उनके दांत टूट गए और उन्हें चोटें भी आईं। उन्होंने कहा कि वह केवल यह जानना चाहते थे कि नीट पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई और प्रभावित छात्रों को न्याय कब मिलेगा।

वंश शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरी घटना स्थानीय विधायक की मौजूदगी में हुई। उनके अनुसार, विधायक ने उन्हें बैठने के लिए कहा था, लेकिन इसके बावजूद कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की। उन्होंने कहा कि वह एक छात्र हितैषी नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने का अवसर नहीं दिया गया।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर भाजपा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। यदि इस मामले में भाजपा या पुलिस का पक्ष सामने आता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

error: Content is protected !!