रुद्रपुर : क्लास में पढ़ रहे छात्र के सिर पर गिरा पंखा, गंभीर रूप से घायल; स्कूल में मची अफरा-तफरी
रुद्रपुर। शहर के एएनझा इंटर कॉलेज में शनिवार को पढ़ाई के दौरान कक्षा की छत पर लगा पंखा अचानक टूटकर दो छात्रों पर आ गिरा। हादसे में कक्षा नौ का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पास बैठा दूसरा छात्र भी चोटिल हो गया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर कक्षा नौ का छात्र संगम नियमित रूप से पढ़ाई कर रहा था। पांचवें पीरियड के दौरान शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। इसी बीच छत पर लगा चल रहा पंखा अचानक अपनी जगह से उखड़कर संगम के सिर पर आ गिरा। पंखे की चपेट में आने से उसके सिर से काफी खून बहने लगा। उसके पास बैठा छात्र वैष्णव भी घायल हो गया। घटना से कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं घबरा गए और स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद घायल छात्रों को शिक्षकों ने संभाला। गंभीर रूप से घायल संगम को शिक्षक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसके सिर पर टांके लगाए। वैष्णव को भी उपचार दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंखे को थामने वाली लोहे की रॉड या फिटिंग कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजपति बिंद ने बताया कि हादसा नए भवन में संचालित कक्षा नौ में हुआ है। उन्होंने भवन के जर्जर होने की बात से इनकार करते हुए कहा कि पंखा गिरने की घटना सही है। पंखे की रॉड कमजोर थी या कोई बोल्ट निकल गया था, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
