उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : इलाज में देरी का आरोप, डेढ़ घंटे तक स्ट्रेचर पर तड़पती रही मरीज

रुद्रपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार को उपचार व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। गदरपुर निवासी महिला बीपी की समस्या, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद परिजनों के साथ अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचीं। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद उन्हें समय पर उपचार नहीं मिला और वह करीब डेढ़ घंटे तक इमरजेंसी के ड्रेसिंग कक्ष के बाहर स्ट्रेचर पर दर्द से तड़पती रहीं। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार अस्पताल के स्टाफ से मरीज को देखने और उपचार शुरू करने का आग्रह किया, लेकिन काफी देर तक किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही। घटना के बाद परिजनों में अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर के प्राचार्य डॉ. उषा रावत ने बताया कि मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि इस प्रकार की लापरवाही हुई है तो इसकी तत्काल जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

error: Content is protected !!