उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : गांधी पार्क में युवक से मारपीट और लूटपाट का आरोप, कपड़े उतरवाकर अर्द्धनग्न अवस्था में छोड़ा

ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित गांधी पार्क में एक युवक से मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी एक युवक शुक्रवार को किसी काम से रुद्रपुर आया था और उसे वापस पिथौरागढ़ लौटना था। बस आने में देरी होने पर वह इंतजार करने के लिए गांधी पार्क चला गया। इसी दौरान दो-तीन युवकों ने उसे घेर लिया।

आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट की और नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। इतना ही नहीं, उसके कपड़े उतरवाकर उसे अर्द्धनग्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। युवक शर्म के कारण पूरी रात गांधी पार्क में ही रहा और बाद में किसी तरह वापस अपने घर लौट गया।

मामले पर सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि इस तरह की चर्चा सामने आने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था, लेकिन वहां कोई युवक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी व्यक्ति ने पुलिस को लिखित या मौखिक शिकायत नहीं दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

घटना की चर्चा शहर में तेजी से फैल रही है और लोग गांधी पार्क क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यदि पीड़ित सामने आता है तो मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!