रुद्रपुर: अवैध हथियार और फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में प्रॉपर्टी डीलर समेत दो गिरफ्तार
रुद्रपुर। निजी कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद होने के मामले में एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 9 जून की रात काशीपुर स्थित एक निजी पार्किंग में एसटीएफ ने छापेमारी कर एक कार से चार अवैध हथियार, 237 कारतूस और सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए थे। इस मामले में पुलिस ने काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल तथा सौरभ अग्रवाल की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से एसटीएफ और पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
गुरुवार रात मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ ने रुद्रपुर रोडवेज के पास दबिश देकर सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 12 बोर पम्प एक्शन बंदूक, एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस तथा दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि मामले की जांच के दौरान अब तक राज्य में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसटीएफ अब तक 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस तथा कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद कर चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान भी लगातार जारी है।
