उधमसिंह नगर

उधमसिंह नगर: प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से 10 लाख से अधिक की ठगी का आरोप

उधमसिंह नगर। प्लॉट की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये लेने के बाद न जमीन की रजिस्ट्री कराने और न ही रकम लौटाने का मामला सामने आया है। दिल्ली निवासी शिक्षा पाइक ने थाना दिनेशपुर में तहरीर देकर एक बिल्डर और दो बिचौलियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार इंदिरा नगर, दिनेशपुर स्थित एक भूखंड खरीदने के लिए 10 लाख 40 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोप है कि पूरी रकम देने के बावजूद न तो भूखंड की रजिस्ट्री कराई गई और न ही कब्जा दिया गया। कई बार संपर्क करने पर आरोपियों ने केवल आश्वासन दिए।

शिक्षा पाइक का कहना है कि 28 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने उन्हें तीन चेक सौंपते हुए 5 मई तक पूरी रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन निर्धारित समय तक भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने 11 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के दौरान आरोपियों ने 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा, लेकिन 5 जून तक भी कोई समाधान नहीं निकला।

पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!