रुद्रपुर: चुनावी रंजिश में घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। चुनावी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में ग्राम मलसी निवासी शरीफ ने बताया कि उनकी पत्नी शमा भमरौला स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। एक जून को वह घर पर नहीं थे और उनकी पत्नी अस्पताल जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम प्रधान चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर गांव निवासी मोहसिन उनके घर में घुस आया।
आरोप है कि मोहसिन ने शमा के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता को लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बचाया।
घटना में घायल शमा मलिक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
