उधमसिंह नगर

रुद्रपुर : पार्षद पति से मारपीट का आरोप, निगम कर्मियों की कार्यशैली पर उठे सवाल

रुद्रपुर। नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान पार्षद के पति एवं प्रतिनिधि के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। वार्ड 23 रम्पुरा के पार्षद पति राजू कोली ने नगर निगम कर्मियों पर गिरेबान पकड़ने और अभद्रता करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत निगम अधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम किच्छा रोड पर सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। जब टीम भूत बंगला गेट के सामने पहुंची तो एक जूस विक्रेता के ठेले पर लगे छाते को हटाने लगी। ठेला संचालक ने सहायता के लिए पार्षद प्रतिनिधि राजू कोली को बुलाया। मौके पर पहुंचे राजू कोली ने निगम कर्मियों से गरीब दुकानदार का सामान न ले जाने और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।

आरोप है कि इस दौरान निगम कर्मियों और राजू कोली के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक निगम कर्मचारी ने राजू कोली का गिरेबान पकड़ लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।

घटना के बाद राजू कोली ने नगर निगम प्रशासन से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोनों पक्षों का पक्ष सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!