रुद्रपुर: पुलिसकर्मी पर मंदिर परिसर में मांस फेंकने का आरोप
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का गंभीर मामला सामने आया है। धार्मिक संस्था से जुड़े लोगों ने चौकी में शिकायती पत्र सौंपकर एक पुलिसकर्मी पर मंदिर परिसर में मांस फेंकने और समाज के लोगों को धमकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद वाल्मीकि समाज और हिन्दूवादी संगठनों से जुड़े लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (रजि) भावाधस भारत द्वारा रम्पुरा चौकी में दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि भूत बंगला वार्ड नंबर-20 स्थित गली नंबर-6 में वाल्मीकि समाज का मंदिर है। आरोप है कि इसी क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति, जो उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत बताए जा रहे हैं, ने मंदिर परिसर में मांस डाल दिया।
शिकायत के अनुसार जब समाज के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति ने वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ गाली-गलौच की और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि “मैं पुलिस वाला हूं, तुम मेरा क्या बिगाड़ लोगे।”
समाज के लोगों का आरोप है कि इस तरह की हरकत कर शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि घटना से समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
मंदिर परिसर में इस प्रकार की घटना के बाद समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। मामले को लेकर वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रम्पुरा चौकी पहुंचकर पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
