उत्तराखंडउधमसिंह नगर

रुद्रपुर : स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदकर छात्र ने किया आत्महत्या का प्रयास, शिक्षक की डांट और मानसिक दबाव की चर्चा

रुद्रपुर। शहर के एक निजी स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 9 के एक छात्र ने स्कूल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल का छात्र ईद की छुट्टी के दौरान नैनीताल घूमने जाने की जिद कर रहा था। परिजनों द्वारा मना किए जाने के बाद से वह नाराज और तनाव में बताया जा रहा था। शुक्रवार सुबह परिजन उसे स्कूल छोड़ गए। वहीं दूसरी ओर यह चर्चा भी सामने आ रही है कि छात्र का होमवर्क पूरा नहीं था और उसे स्कूल में शिक्षकों की डांट या फटकार का डर भी सता रहा था। माना जा रहा है कि दोनों कारणों के चलते छात्र मानसिक दबाव में था।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब सवा सात बजे स्कूल में प्रार्थना चल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे स्कूल स्टाफ ने देखा कि छात्र दूसरी मंजिल से नीचे गिरा पड़ा है। घटना से स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में छात्र को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई।

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्र का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और परिजनों में चिंता का माहौल है।

विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान समय में बच्चों पर पढ़ाई, होमवर्क, परीक्षा, बेहतर प्रदर्शन और अनुशासन को लेकर लगातार मानसिक दबाव बढ़ रहा है। कई बार अभिभावकों की अपेक्षाएं, स्कूल का शैक्षणिक दबाव, शिक्षकों की फटकार या दंड का भय बच्चों को मानसिक रूप से प्रभावित कर देता है। ऐसे में अभिभावकों और शिक्षकों दोनों की जिम्मेदारी है कि बच्चों की भावनाओं को समझें, उनसे संवाद बनाए रखें और किसी भी प्रकार के तनाव के संकेत को गंभीरता से लें।

error: Content is protected !!