गदरपुर: नगर पालिका कर्मचारियों पर मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप
गदरपुर। नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे फॉगिंग अभियान के दौरान विवाद हो गया। एक दुकानदार ने नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों पर मारपीट करने और दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका की टीम क्षेत्र में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम वार्ड नंबर-11 में पहुंची, जहां दुकानदार अपनी दुकान के आगे ठेले पर आमलेट बना रहे थे। आरोप है कि फॉगिंग का धुआं खाने-पीने के सामान की ओर जाने पर दुकानदार ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
दुकानदार का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ सफाई कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की तथा दुकान में रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान उनका सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने दुकानदार पर कर्मचारी से अभद्रता और हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। घटना से नाराज कर्मचारी एकत्र होकर बुधवार को कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। कर्मचारियों ने पुलिस को तहरीर भी सौंपी।
कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
