पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित, बुधवार को बंद रहेंगे सभी सरकारी कार्यालय
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन पर राज्य सरकार ने प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को आदेश जारी किए गए।
अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 19 मई 2026 से 21 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
सरकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का अंतिम संस्कार 20 मई 2026 को पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।
राज्य सरकार ने सभी विभागों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
