नैनीताल : व्यापार मंडल अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया, छात्रा ने लगाए शोषण और गर्भपात कराने के आरोप
नैनीताल। भवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चार-पांच वाहनों में पहुंची पुलिस टीम भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को अपने साथ ले गई। मामले में एक युवती की ओर से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल औपचारिक गिरफ्तारी से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने बीते दिनों मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर भवाली निवासी नरेश पांडे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। युवती का कहना है कि वह पिछले ढाई वर्षों से आरोपी के संपर्क में थी। इस दौरान आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने पर उस पर दबाव बनाकर गर्भपात कराया गया। साथ ही आरोपी द्वारा गाली-गलौज करने और ऑडियो-वीडियो भेजकर धमकाने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नरेश पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह पुलिस की कार्रवाई के बाद भवाली क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ के लिए नैनीताल ले गई। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
