रुद्रपुर के मुख्य बाजार में चोरी, चार दुकानों से 20 लाख की नकदी उड़ाई
रुद्रपुर शहर के मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में बृहस्पतिवार की बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर व्यापारियों में दहशत फैला दी। चोरों ने चार प्रतिष्ठित दुकानों के ताले तोड़कर करीब 20 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। व्यापारियों के अनुसार एक गल्ले से करीब 5 लाख रुपये, दूसरे से 2.5 लाख रुपये और एक अन्य दुकान से 40 हजार रुपये सहित लाखों की नकदी गायब मिली। सुबह दुकानें खुलने पर घटना का पता चलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
घटना के बाद व्यापार मंडल और स्थानीय कारोबारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य बाजार में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। व्यापारियों ने जल्द खुलासे और बरामदगी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर बाजार बंद कर आंदोलन किया जाएगा।
