लापरवाही पर प्रधानाचार्य समेत शिक्षकों वेतन रोका
ऊधमसिंह नगर के पीएम श्री विद्यालय बांसखेड़ा में लापरवाही और अनियमितताओं पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य समेत शिक्षकों का वेतन रोक दिया है। वहीं दो अन्य स्कूलों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जिले के तीन स्कूलों का औचक निरिक्षण किया। इस दौरान तीनों ही स्कूलों में लापरवाही और अनियमितताएं पाई गईं। सितारगंज के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिसौना में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय के शिक्षक बिना उपस्थिति दर्ज किए जनगणना कार्य में लगे हुए थे।
मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों से तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। राउप्रावि ड्योढ़ी में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। यहां शिक्षकों के बिना अनुमति विद्यालय समय में बाहर जाने, स्टाफ पंजिका और अन्य अभिलेख अधूरे मिलने और संसाधनों का सही उपयोग न करने की शिकायत मिली। इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक को पांच दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दोबारा लापरवाही मिलने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं काशीपुर के पीएम श्री विद्यालय बांसखेड़ा का एक वीडियो सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया। वीडियो में कक्षा संचालन के समय छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में घूमते दिखाई दिए। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी लेकिन रिपोर्ट संतोषजनक नहीं पाई गई। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले में प्रधानाचार्य सहित संबंधित शिक्षकों का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।
